बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से लायंस क्लब बिलासपुर संगम द्वारा सेंट जेवियर हाई स्कूल, भरनी के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर में करीब 500 पौधों का वृहत वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार, औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लायंस क्लब बिलासपुर संगम के अध्यक्ष लायन अश्विनी यादव तथा विशिष्ट अतिथि रीजन चेयरपर्सन लायन अर्चना तिवारी थीं। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य बी. बी. महता एवं उपप्राचार्य दिनेश बिष्ट ने किया।
मुख्य अतिथि लायन अश्विनी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। विशिष्ट अतिथि लायन अर्चना तिवारी ने विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और वृक्षों को जीवन का आधार बताते हुए उनके संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं लघु नाटिका के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, वृक्षों के महत्व तथा पर्यावरण संतुलन का प्रभावशाली संदेश दिया। उनकी प्रस्तुतियों की उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने मुक्त कंठ से सराहना की।
प्राचार्य बी. बी. महता ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने हेतु समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उपप्राचार्य दिनेश बिष्ट ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब बिलासपुर संगम के सचिव लायन नेहल मिश्रा, सह सचिव लायन चंद्रकला पैकरा, लायन राजेश मिश्रा, सुरेश यादव, विजय बघेल, भास्कर राव, योगेंद्र बंजारे, नितिन लाल, रितेश मोदी, सारंग राव हुमने, वृक्षारोपण प्रोजेक्ट हेड डॉ. प्रिया बनर्जी सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय के उपप्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण किया तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ तथा सभी उपस्थितजनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
Event Photos & Gallery
Moments captured during the activity.





















































